इंदौर क्राइम ब्रांच ने मंदसौर के तीन युवकों को 513 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ किया गिरफ्तार
ज्यादा पैसे कमाने के लालच में बने तस्कर.

इंदौर। मध्यप्रदेश की इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 513 ग्राम एमडी (मेथाइलेंडायऑक्सी) ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त एमडी ड्रग की इंदौर बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। बताया जा रहा है कि इंदौर में एमडी ड्रग करीब 3 हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेची जाती है।क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों को ड्रग्स की डील के लिए बुलाया था। जैसे ही आरोपी बाइक से ड्रग लेकर मौके पर पहुंचे, टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन गिरने के कारण तीनों घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचाननिखिल वदानिया, निवासी मंदसौर,मुकेश धनगर उर्फ बबलू, निवासी मंदसौर औरकमलेश गायरी, निवासी राजस्थानके रूप में हुई है। आरोपी ड्रग सप्लाई का काम कर रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 513 ग्राम एमडी ड्रग, एक बाइक और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी निखिल वदानिया के खिलाफ पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिन पर मंदसौर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है।
ज्यादा पैसे कमाने के चक्कर में शुरू किया अवैध कारोबार :- प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं और दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन यापन करते थे। अधिक पैसे कमाने के लालच में वे इस अवैध कारोबार से जुड़ गए। हालांकि, पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि आरोपी केवल ड्रग की डिलीवरी का काम करते थे, जबकि इस नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा तस्कर सक्रिय है।फिलहाल इंदौर क्राइम ब्रांच पूरे ड्रग नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है और मुख्य तस्करों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।




