मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 4 किलो 208 ग्राम अफीम जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार.!
दलौदा थाना व कचनारा चौकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अफीम तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त; एक आरोपी फरार.!

मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस चौकी कचनारा एवं थाना दलौदा की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 किलो 208 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई –पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दलौदा शुभम व्यास तथा पुलिस चौकी कचनारा प्रभारी उपनिरीक्षक पूर्णिमा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी – पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को सहायक उपनिरीक्षक सीताराम शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि आक्या–सरसौद मार्ग स्थित हनुमान मंदिर आश्रम के पास ग्राम आक्या में दो व्यक्ति अवैध अफीम लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।
दो तस्कर गिरफ्तार – कार्रवाई के दौरान पुलिस ने
टम्मु सिंह पिता अमर सिंह देवड़ा (36 वर्ष), निवासी बेहपुर थाना भावगढ़
दिलीप सिंह पिता सरदार सिंह डोडिया (45 वर्ष), निवासी नवेली थाना कालूखेड़ा जिला रतलाम
को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 208 ग्राम अवैध अफीम जब्त की गई।
बाइक भी जब्त – अफीम के परिवहन में प्रयुक्त हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 43 EG 0103) को भी पुलिस ने जब्त किया है। बाइक की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में सामने आया तीसरे आरोपी का नाम
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि यह अफीम टम्मुसिंह पिता गोकुल सिंह देवड़ा निवासी बेहपुर थाना भावगढ़ से लाई गई थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसे मामले में सह-आरोपी बनाते हुए NDPS एक्ट की धारा 29 बढ़ाई है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज – इस मामले में थाना दलौदा में अपराध क्रमांक 106/2026 के तहत धारा 8/18 और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका – इस पूरी कार्रवाई में थाना दलौदा पुलिस एवं पुलिस चौकी कचनारा की टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिनकी सतर्कता से बड़ी मात्रा में अवैध अफीम पकड़ने में सफलता मिली।







