नीमच में दिनदहाड़े लूट की वारदात, ज्वेलर्स कर्मचारी से 65 ग्राम सोना छीना
चार बदमाशों ने मारपीट कर दिया वारदात को अंजाम, घायल कर्मचारी निजी अस्पताल में भर्ती

नीमच। शहर में अपराध का ग्राफ थमता नजर नहीं आ रहा है। सोमवार दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वेलर्स कर्मचारी के साथ मारपीट कर उससे 65 ग्राम सोना लूट लिया और फरार हो गए।
सोना बदलकर लौट रहा था कर्मचारी
जानकारी के अनुसार मंगलम ज्वेलर्स के कर्मचारी दिलखुश पिता शांतिलाल नागदा, निवासी ग्राम बामनिया, एक अन्य व्यापारी के यहां सोना बदलकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने पहले मारपीट की और फिर उनके पास रखा सोना छीनकर मौके से फरार हो गए।
मालिक ने बताई लूट की मात्रा
मंगलम ज्वेलर्स के संचालक के मुताबिक बदमाश लगभग 65 ग्राम सोना लूटकर ले गए हैं। घटना के बाद घायल दिलखुश को तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नीमच पुलिस सक्रिय हो गई। केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।




