BIG BREAKING NEWS :- नीमच में दिनदहाड़े 65 ग्राम सोने की चोरी का खुलासा
दुकान का मुनीम ही निकला आरोपी, 12 लाख रुपये का सोना बरामद

नीमच। शहर में दिनदहाड़े हुई 65 ग्राम सोने की कथित लूट की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में पर्दाफाश कर दिया। मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ज्वेलर्स दुकान का मुनीम ही चोरी का आरोपी निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये मूल्य का 65 ग्राम सोना बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना नीमच कैंट थाना में फरियादी मनीष सिंघल (56 वर्ष), निवासी तिलक मार्ग, नीमच ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि उनकी ज्वेलर्स दुकान के कर्मचारी दिलखुश पिता शांतिलाल नागदा (35 वर्ष), निवासी बिसलवास बामनिया, 65 ग्राम सोना लेकर लौटते समय लूट की घटना का शिकार होने की बात कह रहा है।
जांच में सामने आई सच्चाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना नीमच कैंट एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिससे उस पर संदेह गहराया।
पूछताछ में कबूला गबन
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने मनगढ़ंत लूट की कहानी रचकर सोना गबन करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया 65 ग्राम सोना विधिवत जब्त कर लिया है।
वैधानिक कार्रवाई जारी
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की तत्परता से मामले का त्वरित खुलासा हो सका, जिससे व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।




