नारायणगढ़ में दिनदहाड़े चोरी, दो गरीब परिवारों के घर बने निशाना
दीवाणिया मोहल्ले में चोरों का आतंक, सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार—पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल

मंदसौर जिले के नारायणगढ़ नगर में दिनदहाड़े हुई चोरी की एक बड़ी वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। नगर के दीवाणिया मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने दो गरीब और मेहनतकश परिवारों के घरों को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने बंशीलाल प्रजापति और शीला चौहान के मकानों में दिन के समय घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के और लगभग चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

बताया गया कि बंशीलाल प्रजापति मिट्टी के बर्तन बनाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि शीला चौहान एक परित्यक्ता महिला हैं, जो मजदूरी कर अपने तीन बेटों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाती हैं। ऐसे गरीब परिवारों के घर चोरी होना बेहद पीड़ादायक है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

घटना की सूचना मिलते ही नारायणगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है।
वहीं, इस घटना के बाद दीवाणिया मोहल्ले सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवारों को न्याय और राहत दिलाई जाए।







