मकर संक्रांति पर बरखेड़ा पंथ स्थित श्री सांवलिया सेठ धाम में विशेष महा आरती, आजीवन सदस्यों का हुआ सम्मान..
बरखेड़ा पंथ में श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब.

मंदसौर :- पिपलिया मंडी मकर संक्रांति के पावन पर्व पर बरखेड़ा पंथ स्थित श्री सांवलिया सेठ धाम मंदिर, में श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।इस अवसर पर विधि-विधान से भगवान श्री सांवलिया सेठ का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया, जो मंदसौर निवासी वीरेंद्र रत्नावत एवं डॉक्टर दिलीप शर्मा परिवार द्वारा संपन्न कराया गया। दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।सायंकाल मंदिर परिसर में भव्य महा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। महा आरती के दौरान संपूर्ण वातावरण भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा।इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा आजीवन सदस्य बनने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान भी किया गया। मंदिर समिति प्रबंधन ने मोहनलाल गुप्ता एवं गोपाल कारपेंटर महिंद्रा को आजीवन सदस्य बनने पर श्री सांवलिया सेठ की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।समिति द्वारा जानकारी दी गई कि आजीवन सदस्य बनने हेतु भक्तों द्वारा 51 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की जाती है, जिसका उपयोग मंदिर के विकास कार्यों एवं धार्मिक गतिविधियों में किया जाता है।मकर संक्रांति के इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने भक्तों के मन में आस्था, श्रद्धा और भक्ति की नई ऊर्जा का संचार किया।




