अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर पथराव, टीआई समेत 12 घायल
धार जिले के सिरसोदिया गांव में कार्रवाई के दौरान बवाल, तहसीलदार की गाड़ी के शीशे टूटे; एक महिला पुलिसकर्मी भी घायल, टीआई को इंदौर रेफर

धार। जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के सिरसोदिया गांव में शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे समेत करीब 12 लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला पुलिसकर्मी भी जख्मी हुई है। घायल टीआई को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे प्रशासन की करीब 25 सदस्यीय टीम अतिक्रमण हटाने के लिए गांव पहुंची थी। टीम में कुणाल अवासिया, कृष्णा पटेल, मोनिका सिंह सहित पुलिस बल मौजूद था। प्रशासन शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा था, तभी कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते पथराव कर दिया।
पथराव के दौरान तहसीलदार की गाड़ी के शीशे भी टूट गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। मौके पर अधिकारी प्रमोद गुर्जर भी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया गया।बताया जा रहा है कि करीब दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। राजस्व रिकॉर्ड में यह जमीन अनिल, धर्मेंद्र, अनीता और ललिता कांजी के नाम दर्ज है। आरोप है कि संतोष पिता नेवा और निमा बाई भील ने करीब ढाई हजार वर्गफीट जमीन पर मकान बनाकर अतिक्रमण कर रखा था। कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने पहुंचा था।घटना के बाद पुलिस ने आठ महिलाओं को अभिरक्षा में लिया है। वहीं मौके पर एएसपी विजय डावर, एसडीओपी ब्रजेश मालवीय सहित 100 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।






