BREAKING NEWS :- नीमच में भरोसे का कत्ल: परिचित ने ही किया हमला, लाखों की लूट की आशंका
बाइक पर बैठाकर मालखेड़ा ले गया, फिर धारदार हथियार से वार; 4 से 4.5 लाख रुपए गायब

नीमच जिले के मालखेड़ा क्षेत्र में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक को उसके ही परिचित ने भरोसे में लेकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद से युवक के पास मौजूद लाखों रुपए भी गायब हैं, जिससे लूट की आशंका जताई जा रही है।
घायल अकरम पिता हकीम अब्बासी, निवासी बघाना, पिछले करीब 15 सालों से तिरुपति ट्रेडर्स में कार्यरत है। जानकारी के अनुसार अकरम पेमेंट लेने के लिए रतनगढ़-डीकेन गया था। इसी दौरान उसे उसका पुराना परिचित राधेश्याम मिला, जिसने उसे बाइक से नीमच छोड़ने की बात कही।रास्ते में मालखेड़ा क्षेत्र के पास पहुंचते ही आरोपी ने अचानक धारदार हथियार से अकरम पर हमला कर दिया। हमले में अकरम के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं।बताया जा रहा है कि अकरम के पास करीब 4 से 4.5 लाख रुपए थे, जो घटना के बाद से गायब हैं। इससे साफ है कि हमले के पीछे लूट की मंशा हो सकती है।पीड़ित के मालिक महेश सिंहल ने अकरम को ईमानदार और भरोसेमंद कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसने वर्षों तक निष्ठा से काम किया है और इस तरह की घटना बेहद दुखद है।वहीं, नीमच सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि घायल फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।







