BIG BREAKING NEWS :- 24 घंटे में हत्या का खुलासा जमीनी विवाद में चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या, दो भतीजे गिरफ्तार!
सीतामऊ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी अब भी फरार!

सीतामऊ। थाना क्षेत्र के ग्राम साखतली में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुस्तैनी जमीन का विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार 27 मार्च को फरियादी जीवन पाटीदार ने सूचना दी कि उसके पिता शंकरलाल पाटीदार का शव खेत के पास कच्चे रास्ते पर साइकिल सहित पड़ा मिला।
मृतक के गले और सिर पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान थे और मौके पर काफी खून बहा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक शंकरलाल का अपने भतीजों बालेश्वर और नानालाल के साथ 7 आरी पुस्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो सिविल कोर्ट में विचाराधीन है।

इसी विवाद के चलते आरोपियों ने हत्या की साजिश रची। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने संदेहियों से पूछताछ की, जिसमें यह भी सामने आया कि घटना से एक दिन पहले अर्जुन पाटीदार ने मृतक के बेटे को धमकी दी थी। सख्ती से पूछताछ में बालेश्वर और नानालाल ने अपने जीजा अर्जुन के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी बालेश्वर (26) और नानालाल (24) निवासी साखतली को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अर्जुन पाटीदार निवासी नाटाराम अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और एक मोटरसाइकिल (हीरो सुपर स्प्लेंडर) जब्त की गई है।पुलिस का कहना है कि पुस्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण ही आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।इस पूरे मामले का खुलासा करने में सीतामऊ पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है।






