BIG NEWS :- शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय की बड़ी कार्रवाई: एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2.49 लाख की अफीम बरामद!
रेलवे ग्राउंड शामगढ़ से तीन आरोपी गिरफ्तार,दिल्ली-पंजाब सप्लाई की थी तैयारी,मुख्य आरोपी पहले से एमडी ड्रग्स केस में था फरार

मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस ने एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले के मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 245 ग्राम अवैध अफीम जप्त की है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 49 हजार रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में की गई। दिनांक 02 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि तीन संदिग्ध व्यक्ति रेलवे ग्राउंड शामगढ़ के पास अवैध अफीम के साथ खड़े हैं और ट्रेन के माध्यम से दिल्ली एवं पंजाब सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना की पुष्टि होने पर थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने मौके से तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक प्लास्टिक थैली में 1 किलो 245 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2.49 लाख रुपये है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एमडी ड्रग्स फैक्ट्री से कनेक्शन :- गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रधान सिंह, थाना गरोठ क्षेत्र के ग्राम सुरजना में पूर्व में पकड़ी गई एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का मुख्य आरोपी है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी द्वारा सप्लाई किए गए केमिकल से 12 किलो 610 ग्राम एमडी मिश्रण एवं 102 ग्राम एमडी तैयार की गई थी।
गिरफ्तार आरोपी: 1 प्रधान सिंह पिता मदन सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी नलखेड़ा थाना गरोठ 2 भगवान सिंह उर्फ बबलू सिंह पिता चन्दर सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी नलखेड़ा 3 दिलीप सिंह पिता मदन सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी खेजड़िया मेघा थाना सुवासरा
कानूनी कार्रवाई :-पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत एवं अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी :- पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किन-किन राज्यों में मादक पदार्थ की सप्लाई करते थे तथा इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।
सराहनीय कार्य :- इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी एवं पुलिस टीम का विशेष सराहनीय योगदान रहा।







