पिपलियामंडी में हेमनानी परिवार की सेवा मिसाल, सातवें वर्ष भी 71 माताजी की मूर्तियों का निःशुल्क वितरण…!
नवरात्रि पर श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह, ढोल-बाजों के साथ माता रानी की मूर्तियां लेने पहुंचे भक्त..!

पिपलियामंडी (मंदसौर)। नवरात्रि के पावन पर्व पर पिपलियामंडी में हेमनानी परिवार ने सेवा, श्रद्धा और समर्पण की परंपरा को निभाते हुए एक बार फिर अनुकरणीय पहल की। परिवार की ओर से लगातार सातवें वर्ष माता रानी की 71 मूर्तियों का निःशुल्क वितरण किया गया। इस दौरान पिपलियामंडी सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु मूर्तियां लेने पहुंचे। आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल रहा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।श्री शोभाराम हेमनानी, चंद्रप्रकाश हेमनानी, महेश हेमनानी एवं समस्त हेमनानी परिवार की ओर से आयोजित इस सेवा कार्य में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। माता रानी की मूर्तियां प्राप्त करने के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही। मूर्तियां मिलने पर श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी और आस्था का भाव नजर आया।
जयकारों के साथ रवाना हुए श्रद्धालु -: माता रानी की मूर्तियां प्राप्त करने के बाद कई श्रद्धालु ढोल-बाजों के साथ जयकारे लगाते हुए अपने-अपने गरबा पंडालों और आयोजन स्थलों की ओर रवाना हुए। जय माता दी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। नवरात्रि उत्सव को लेकर लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
सात वर्षों से जारी है सेवा की परंपरा -: हेमनानी परिवार द्वारा लगातार सात वर्षों से किया जा रहा निःशुल्क मूर्ति वितरण धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहयोग और सेवा भावना का भी उदाहरण है। परिवार की इस पहल से श्रद्धालुओं को नवरात्रि उत्सव की तैयारियों में सहयोग मिलता है। सेवा और समर्पण की यह परंपरा क्षेत्र में प्रेरणादायी संदेश दे रही है।









