BIG NEWS :- मंदसौर जिले के नारायणगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अन्तरजिला मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
30 ग्राम एमडी व 200 ग्राम अफीम जब्त, करीब 5 लाख रुपये का माल बरामद.!
मंदसौर, (31 मार्च 2026) :- मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना पुलिस ने अन्तरजिला मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेथामफेटामाइन) एवं 200 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) मल्हारगढ़ के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नारायणगढ़ के नेतृत्व में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी प्रभारी बुढ़ा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर नारायणगढ़ से पिपलिया मंडी रोड स्थित बालाजी मंदिर के पास बादरी फंटे की ओर से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से अवैध मादक पदार्थ एमडी और अफीम बरामद की गई, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी :-1 रेहान खान (19 वर्ष), निवासी शाहीबाग कॉलोनी, खजराना, थाना खजराना, जिला इंदौर 2. रेहान उर्फ मुनीर (24 वर्ष), निवासी शाहीबाग कॉलोनी, खजराना, थाना खजराना, जिला इंदौर
जप्त सामग्री :- 30 ग्राम एमडी (कीमत लगभग ₹3,00,000) 200 ग्राम अफीम (कीमत लगभग ₹2,00,000) एक विवो कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल (कीमत लगभग ₹15,000) पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 72/26 के तहत धारा 8/18, 22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी :- गिरफ्तार आरोपियों से अवैध मादक पदार्थ के स्रोत एवं सप्लाई चैन के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह अन्तरजिला स्तर पर सक्रिय होकर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका :- इस पूरी कार्रवाई में नारायणगढ़ थाना पुलिस एवं चौकी बुढ़ा पुलिस टीम की सक्रियता और सतर्कता महत्वपूर्ण रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना की है। मंदसौर जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।




