BREAKING NEWS :- भानपुरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 481 किलो 592 ग्राम डोडाचूरा जब्त
ट्रक में मक्का के कट्टों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था डोडाचूरा, आरोपी गिरफ्तार; दो आरोपी फरार

मंदसौर/(25 सितंबर 2026) भानपुरा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 481 किलो 592 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त टाटा कंपनी का ट्रक क्रमांक RJ14 GH 6295, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपए है, को भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भानपुरा पुलिस टीम ने ग्राम धनकपुरा स्थित श्मशान घाट के सामने कार्रवाई की। जांच के दौरान एक ट्रक में मक्का के कट्टों के बीच छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद हुआ।
एक आरोपी गिरफ्तार :- पुलिस ने मौके से राजू उर्फ राजवीर सिंह राठौर (23), निवासी ग्राम नयागांव, थाना भानपुरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 481 किलो 592 ग्राम डोडाचूरा तथा ट्रक जब्त किया गया। जब्त सामग्री एवं वाहन की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है।
दो आरोपी बताए गए फरार :- पुलिस ने मामले में गोपाल सिंह, निवासी ग्राम एमदी, थाना शामगढ़ तथा दाणी सिंह, निवासी ग्राम डोरी, थाना बड़ोद, जिला आगर-मालवा को फरार बताया है। पुलिस द्वारा दोनों की तलाश की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज :- भानपुरा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इसके गंतव्य सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उपनिरीक्षक विनय बुंदेला एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी




