BREAKING NEWS :- मन्दसौर में बड़ी कार्रवाई: 50 लाख की एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा सहित तस्कर गिरफ्तार !
वायडी नगर पुलिस की कार्रवाई, मुखबिर सूचना पर कार से बरामद हुआ मादक पदार्थ !

मन्दसौर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वायडी नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग की हुंडई वर्ना कार (क्रमांक MP33C8850) में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महू-नीमच हाईवे स्थित स्टील नगर के सामने मनोकामना महादेव मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 530 ग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये है, तथा 5 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत 10 हजार रुपये) बरामद किया। इसके साथ ही कार और एक सैमसंग मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।पुलिस ने मौके से आरोपी रमेशचन्द्र पाटीदार (48 वर्ष), निवासी रठाना थाना अफजलपुर को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22, 15 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक मन्दसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं सीएसपी जितेन्द्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिसमें मादक पदार्थों के स्रोत और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जब्त सामग्री
530 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत ₹50,00,000)
5 किलो डोडाचूरा (कीमत ₹10,000)
हुंडई वर्ना कार (कीमत ₹5,00,000)
सैमसंग मोबाइल फोन (कीमत ₹10,000)







