मंदसौर में मॉडिफाइड साइलेंसर पर बड़ा पुलिस अभियान
12 बाइक जब्त, 10 बुलेट शामिल; तेज आवाज और ‘पटाखा’ साइलेंसर वालों पर सख्ती

- मंदसौर। जिले में पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने वाले और नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार शाम से चलाए गए विशेष अभियान में अब तक 12 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।यह कार्रवाई मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर की गई। जब्त वाहनों में 10 Royal Enfield (बुलेट) और दो अन्य बाइक शामिल हैं। सभी वाहनों को संबंधित थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई,प्रमुख चौराहों पर लगाए गए चेकिंग पॉइंट!
यातायात पुलिस ने शहर के रामटेकरी, पुलिस पेट्रोल पंप के पास और सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतापगढ़ पुलिया और 10 नंबर नाका सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच की। ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की सख्ती बरती गई, जिससे मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
बुलेट के साइलेंसर की मौके पर जांच पटाखों जैसी आवाज और चिंगारी निकालने वालों पर सीधी कार्रवाई!
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने खुद वाहनों के साइलेंसर की बारीकी से जांच की। विशेष रूप से बुलेट मोटरसाइकिलों पर नजर रखी गई। जिन वाहनों से तेज धमाकेदार आवाज या चिंगारियां निकलती पाई गईं, उन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं।
पुलिस की दो टूक चेतावनी अभियान लगातार जारी रहेगा !
यातायात सूबेदार शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि यह अभियान पूरे जिले में निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा स्वीकृत साइलेंसर ही लगाएं और ध्वनि प्रदूषण से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।






