मंदसौर में बड़ी कार्रवाई: दोगुनी कीमत पर गैस सिलेंडर ब्लैक करते पकड़ी गई एजेंसी, द्वारका इण्डेन गैस एजेंसी सील.!
दस्तावेज़ नहीं दिखा सके संचालक, जांच के दौरान कर्मचारी रंगे हाथों पकड़ा गया.!

मंदसौर जिले में घरेलू LPG गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायत पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए द्वारका इण्डेन गैस एजेंसी को सील कर दिया। यह कार्रवाई खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान एजेंसी के कर्मचारी घनश्याम को घरेलू गैस सिलेंडर दोगुनी कीमत पर ब्लैक में बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम द्वारा एजेंसी संचालक से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन वे दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके।दस्तावेज़ों की अनुपलब्धता और अवैध गतिविधियों के चलते प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से एजेंसी को आगामी आदेश तक सील कर दिया है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी मंदसौर शुभम पाटीदार, डिप्टी कलेक्टर रोहित राणावत, तहसीलदार अभिषेक चौरसिया, जिला आपूर्ति अधिकारी नारायणसिंह चन्द्रावत एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आराधना खडिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन की अपील :- जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए बिना बुकिंग या अधिक कीमत पर सिलेंडर न खरीदें। यदि कोई व्यक्ति LPG का अवैध भंडारण, कृत्रिम अभाव उत्पन्न करता है या घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







