BREAKING NEWS :- त्योहारों से पहले पिपलिया मंडी में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, फ्लैग मार्च से दिया सख्त संदेश
टीआई विक्रम इनवे के नेतृत्व में निकला मार्च, त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी.!
मंदसौर जिले में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशानुसार पिपलिया मंडी में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।फ्लैग मार्च का नेतृत्व पिपलिया मंडी थाना प्रभारी विक्रम इनवे ने किया।
इस दौरान चौकी प्रभारी भीम सिंह राठौर, सब इंस्पेक्टर मूलचंद धाकड़, एएसआई संतोष मुनिया, एएसआई जसराज सिंह चांदेल सहित थाना एवं चौकी का पुलिस बल मौजूद रहा। मार्च पिपलिया मंडी चौकी से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों से होता हुआ तिलाखेड़ा स्थित बालाजी मंदिर पहुंचा और वहां से पुनः चौकी परिसर में समाप्त हुआ।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रियता और सड़कों पर मौजूदगी से नगर में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

सब इंस्पेक्टर मूलचंद धाकड़ ने बताया कि यह फ्लैग मार्च आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए निकाला गया है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस प्रशासन ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति हुड़दंग मचाते हुए या शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







