BREAKING NEWS :- मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भानपुरा में 6 किलो 82 ग्राम अफीम जब्त, दंपती गिरफ्तार
दुधाखेड़ी मंदिर बायपास तिराहे पर पुलिस ने की कार्रवाई, जब्त अफीम की कीमत करीब 12 लाख रुपये!

मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास स्थित बायपास तिराहे से 6 किलो 82 ग्राम अवैध अफीम बरामद की। पुलिस के अनुसार, जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है। मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यनारायण पिता मांगीलाल मीणा (42 वर्ष) एवं राधाबाई पति सत्यनारायण मीणा (38 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम भदाना, थाना रामपुरा, जिला नीमच, के रूप में हुई है।मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को भानपुरा पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास स्थित बायपास तिराहे पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से 6 किलो 82 ग्राम अफीम बरामद की। मादक पदार्थ जब्त करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था।
अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला और पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जब्त सामग्री: 6 किलो 82 ग्राम अवैध अफीम
अनुमानित कीमत: ₹12 लाख
गिरफ्तार आरोपी: 2
थाना: भानपुरा
प्रकरण: धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट




