BIG BREAKING NEWS -: मंदसौर में स्कॉर्पियो के गुप्त चैंबर से मिले ₹1.29 करोड़, तीन लोग हिरासत में
बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो एन से नकदी जब्त; कार की कीमत करीब 20 लाख रुपये, रकम के स्रोत की जांच के लिए आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना

मंदसौर। (दिनाक 15/10/2026 ) -: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की काली महिंद्रा स्कॉर्पियो एन 1 करोड़ 29 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, नकदी कार की बॉडी में बनाए गए गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखी गई थी। मामले में तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत का वाहन भी जब्त किया है। नकदी और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 49 लाख रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, 14 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि ग्राम बरखेड़ा उदा में सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर के पीछे बने बाड़े में बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो खड़ी है। सूचना में वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखे जाने की बात सामने आई थी।इसके बाद पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन और वहां मौजूद तीन व्यक्तियों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तीनों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद घर, बाड़े और आसपास के खेतों में तलाशी ली गई।
मैकेनिक की मदद से कार की तलाशी, गुप्त स्थानों में मिली नकदी
पुलिस तीनों व्यक्तियों और स्कॉर्पियो को शामगढ़ थाने लेकर पहुंची। यहां मैकेनिक की मदद से वाहन की विधिवत तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, कार की बॉडी खोलकर जांच करने पर उसके गुप्त स्थानों में छिपाकर रखी गई नकदी मिली।नकदी की गिनती करने पर कुल राशि 1 करोड़ 29 लाख रुपये निकली। पुलिस ने पूरी रकम विधिवत जब्त कर ली। इसके साथ ही करीब 20 लाख रुपये अनुमानित कीमत की स्कॉर्पियो एन कार भी जब्त की गई है।
मंदसौर और उत्तर प्रदेश के बरेली के निवासी शामिल
पुलिस के अनुसार, मामले में तीन व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। इनमें भवानीशंकर मीणा (49), निवासी ग्राम बरखेड़ा उदा, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर; मोहम्मद इस्लाम (47) और सूर्य प्रकाश गंगवाड़ (59), दोनों निवासी जिला बरेली, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
नकदी के स्रोत की जांच, आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
पुलिस जब्त की गई नकदी के स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सूचना दी जाएगी। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसका संबंध किन गतिविधियों से है।
इन पुलिस अधिकारियों और जवानों की रही भूमिका
यह कार्रवाई एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुवासरा बी.डी. वीरा, थाना प्रभारी भानपुरा उपनिरीक्षक विनय बुंदेला, थाना प्रभारी शामगढ़ उपनिरीक्षक कपिल सोराष्ट्रिया, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह कनेश, ओ.पी. राठौर, मनोज महाजन सहित शामगढ़, सुवासरा और भानपुरा थानों के पुलिस बल की भूमिका रही।
नोट: नकदी के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर ही यह समाचार तैयार किया गया है।









