BIG BREAKING NEWS -: देवास में बड़ी घटना: शराब तस्करी के ट्रक ने खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को कुचला, मौके पर मौत!
हरदा से गुजरात जा रहे कथित शराब तस्करी के ट्रक का पीछा कर रही थी पुलिस; चालक गिरफ्तार, ट्रक जब्त!

देवास। जिले के खातेगांव क्षेत्र में देर रात शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई के दौरान एक दर्दनाक घटना हो गई। कथित तौर पर अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के बीच हुए घटनाक्रम में खातेगांव थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक का पिछला पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से एक ट्रक कथित तौर पर अवैध शराब लेकर इंदौर के रास्ते गुजरात की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही देवास पुलिस सक्रिय हो गई और ट्रक को पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमें तैनात की गईं। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में कन्नौद, सतवास और खातेगांव थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। ट्रक का लगातार पीछा किया जा रहा था और उसे रोकने के लिए आगे नाकाबंदी भी की गई थी।
पानी पीने के लिए रुका था चालक, पकड़ने पहुंचे थे टीआई -: जानकारी के मुताबिक, हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका था। इसी दौरान खातेगांव टीआई दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि इस दौरान चालक और टीआई के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई। आरोप है कि चालक ने ट्रक लेकर मौके से भागने का प्रयास किया। इसी घटनाक्रम के दौरान टीआई दिलीप पुरी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।
ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार -: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक क्रमांक MP 43 H 4786 को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रक में शराब भरी हुई थी। पुलिस ने ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच और कार्रवाई में शामिल अधिकारियों के अनुसार, शराब तस्करी के नेटवर्क में हरदा निवासी राहुल जायसवाल सहित अन्य लोगों के नाम सामने आने की जानकारी है। देवास क्षेत्र के कुछ तस्करों के भी इस नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। मामले में आगे की कार्रवाई और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।







